
पलामू के छतरपुर अनुमंडल के डाली बाजार स्थित कौशल नगर में ‘ट्री मैन’ डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने वनराखी मूवमेंट के 49वें वर्ष पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मोहनलाल खुर्जा पार्वती देवी पार्क जैविक उद्यान और पर्यावरण धर्म ज्ञान मंदिर के ऊपरी तल पर हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय गान, पर्यावरण धर्म की प्रार्थना और कन्या पूजन के साथ किया गया।इस अवसर पर डॉ. जायसवाल ने ग्रामीणों को अंग वस्त्र और पौधे भेंट किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने 1967 में ‘जंगल लगाओ जंगल बचाओ’ अभियान की शुरुआत अपने पैतृक गांव डाली में 8.72 एकड़ ज़मीन पर की थी। जब 10 साल बाद माफियाओं ने पेड़ों को काटना शुरू किया, तो उन्होंने 1977 में पर्यावरण धर्म को अपनाया। इसके तहत उन्होंने आठ मूल मंत्र दिए, और उसी के आधार पर वनराखी मूवमेंट की शुरुआत की।उन्होंने ग्रामीणों को समझाया कि जिस तरह रक्षाबंधन से मानव भाई की सुरक्षा होती है, उसी तरह वनराखी मूवमेंट से धरती और ब्रह्मांड के 84 लाख जीवों की सुरक्षा होती है। यह अभियान इतना सफल रहा है कि 49 वर्षों में यह न केवल भारत के 26 राज्यों के 164 जिलों तक फैल गया है, बल्कि नेपाल, भूटान, बर्मा, सिंगापुर, मलेशिया, अज़रबैजान, थाईलैंड और इंडोनेशिया जैसे देशों में भी 22 लाख से अधिक पेड़ों पर राखी बांधी जा चुकी है।इस साल 2 अगस्त को, इस अभियान का उद्घाटन जापान के टोक्यो से वृक्षों पर रक्षाबंधन करके किया गया था। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उप मुखिया अफजाल अंसारी ने की, और इसमें जुबेर अंसारी, नगीना खातून, गुलाम गौस, फुलवा देवी, दौलती देवी समेत कई पर्यावरण प्रेमी और ग्रामीण शामिल हुए।