
पलामू जिला के हुसैनाबाद का स्थानीय एके सिंह कॉलेज जपला में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विदित हो कि एकेडमिक इंचार्ज डॉ0 राम सुभग सिंह ने विद्यार्थियों में ज्ञान, आलोचनात्मक चिंतन एवं लेखन कौशल विकसित करने के उद्देश्य से 29 जनवरी 2025 को “सावित्रीबाई फुले एवं महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन एवं दर्शन” विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कराया था, जो लिखित परीक्षा थी। इस प्रतियोगिता का परिणाम सोमवार को घोषित किया गया। इसमें प्रथम स्थान भूगोल की छात्रा रिंकी कुमारी, द्वितीय स्थान जन्तु विज्ञान की छात्रा प्राजक्ता कुमारी और तृतीय स्थान राजनीति विज्ञान की छात्रा राखी मेहता ने प्राप्त किया। प्राचार्य सूर्य मणि सिंह ने तीनों विजेताओं को प्रमाण- पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। मौके पर प्राचार्य श्री सिंह ने कहा कि प्रत्येक महीने इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित होनी है, जिसका विषय वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिकाधिक संख्या में छात्र-छात्राएं इसमें भाग लेकर अपना ज्ञान बढ़ाने के साथ कॉलेज में प्रतियोगी माहौल बनाने में भागीदारी करें। पुरस्कार वितरण में सैंकड़ों विद्यार्थियों के अलावा प्रो0 राहुल कुमार सिंह, प्रो0 राजेश कुमार सिंह, प्रो0 अरुण कुमार सिंह, प्रो0 रेखा कुमारी सिंह, लेखापाल ओम प्रकाश सिंह और विवेक कुमार मौजूद थे।