
फ़ोटो : राजद प्रदेश अध्यक्ष सह हुसैनाबाद विधायक संजय यादव
झारखंड आंदोलन के प्रणेता और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर राजद के प्रदेश अध्यक्ष सह हुसैनाबाद के विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे झारखंड की राजनीति और सामाजिक चेतना के लिए अपूरणीय क्षति बताया। विधायक संजय सिंह ने अपने शोक संदेश में कहा की दिशोम गुरु शिबू सोरेन न केवल एक राजनेता थे बल्कि वे झारखंड की आत्मा थे। उन्होंने आदिवासियों, किसानों और वंचित तबके की आवाज को जिस तरह संसद से लेकर सड़कों तक पहुंचाया। वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उनका जीवन संघर्षों और बलिदानों की मिसाल है। झारखंड राज्य के गठन में उनका योगदान अमिट और ऐतिहासिक है। आज हम सबने एक मार्गदर्शक और जननेता को खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिजनों को यह वज्रपात सहने की शक्ति दें। श्री यादव ने क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया कि वे दिशोम गुरु के सपनों के झारखंड को साकार करने हेतु एकजुट होकर काम करें।