
पलामू जिला के हुसैनाबाद अनुमंडल अंतर्गत हैदरनगर के लिए गर्व की बात है कि यहाँ की बहू वर्षा सोनी का चयन देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ नेटवर्क ‘ज़ी मीडिया’ समूह में हुआ है। वर्षा जल्द ही ‘ज़ी मीडिया’ चैनल में बतौर एंकर के रूप में अपनी भूमिका निभाएँगी। इस उपलब्धि की ख़बर से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
वर्षा सोनी हैदरनगर के स्वर्ण व्यवसायी जितेंद्र प्रसाद सोनी की पुत्रवधू हैं। उनके चयन की जानकारी मिलते ही परिवार सहित आस-पास के लोगों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर पलामू ज़िला परिषद उपाध्यक्ष सह युवा झामुमो नेता आलोक कुमार सिंह उर्फ़ टुटू सिंह ने परिवार को बधाई दी और वर्षा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
आलोक कुमार सिंह उर्फ़ टुटू सिंह ने कहा कि वर्षा सोनी को जल्द ही जी भारत चैनल पर एंकरिंग करते हुए हुसैनाबाद, हैदरनगर और पूरे झारखंड के लोग देख सकेंगे। यह न सिर्फ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियाँ भी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्षा की इस सफलता से न सिर्फ़ पलामू, बल्कि पूरा झारखंड गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने वर्षा को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया और कहा कि वर्षा ने यह साबित किया है कि साधारण परिवार और ग्रामीण परिवेश से आने वाली बेटियाँ भी किसी से कम नहीं हैं।
गौरतलब है कि वर्षा ने मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है और पहले भी कई मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उनकी कार्यकुशलता और लगन को देखते हुए देश के सबसे पुराने प्राइवेट न्यूज़ चैनलों में से एक ‘ज़ी मीडिया’ ने उन्हें चुना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षा की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं, विशेषकर लड़कियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।